हरदवन मिडिल स्कूल में बाल-मित्र विधिक सेवाओं पर जागरूकता शिविर
Category: शहर | Date: 23 Aug 2026 | 👁️ Views: 60
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया के निर्देश पर अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति, शेरघाटी के तत्वावधान में रविवार को हरदवन मिडिल स्कूल, डोभी में बाल-मित्र विधिक सेवाओं को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बच्चों को उनके कानूनी अधिकार, सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।
पैनल अधिवक्ता सुनील कुमार अग्रवाल, समिति के कर्मचारी मनीष प्रकाश और पारा विधिक स्वयंसेवक सुजीत कुमार पासवान ने बच्चों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, निःशुल्क विधिक सहायता सहित बच्चों के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया।
वक्ताओं ने कहा कि न्यायिक एवं कानूनी प्रक्रिया के दौरान बच्चों को भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण मिलना जरूरी है। उनकी बात संवेदनशीलता से सुनना, गरिमा व गोपनीयता की रक्षा करना तथा उनके सर्वोत्तम हित को प्राथमिकता देना बाल-मित्र विधिक सेवा का उद्देश्य है।
शिविर में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी और बाल यौन शोषण से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई। किसी भी प्रकार के अधिकारों के उल्लंघन या परेशानी की स्थिति में उचित माध्यम से कानूनी सहायता लेने के लिए बच्चों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
←
Previous News
→
गया में जिलास्तरीय स्टिंग वॉलीबॉल टीम का चयन, 20 खिलाड़ियों ने लिया ट्रायल में हिस्सा
Next News
पांच अवैध आरा मिलों पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, मशीनें उखाड़कर की गईं जब्त
🔥 Recent Top 5 News