News1 Bihar Jharkhand

☰ Menu


📌 Categories
AI/ट्रेंड्स
No subcategories

📜 Policy Pages

🌐 Follow Us


गजब है बुडको का कारनामा,बुडको की कार्यप्रणाली पर फूटा पार्षदों का गुस्सा,बुडको के अधिकारी ने जोड़े हाथ

Category: City | Date: 2026-09-16 13:33:54 | Views: 613

गयाजी। बरसात के मौसम में भी शहर के कई इलाकों में जल संकट नहीं थमने पर बुधवार को नगर निगम सभागार में पार्षदों का गुस्सा बुडको के अधिकारियों पर फूट पड़ा। मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में जलापूर्ति, पाइपलाइन विस्तार और बुडको के निर्माण कार्यों की स्थिति पर जमकर सवाल उठे। बैठक का संचालन सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ. अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने किया।

पार्षदों ने कहा कि कहीं पाइपलाइन बिछने के बाद भी पानी नहीं पहुंच रहा है तो कहीं सड़क तोड़कर महीनों से काम अधूरा पड़ा है। कई वार्डों में आज भी नगर निगम के टैंकर और वैट के सहारे लोगों को पेयजल उपलब्ध कराना पड़ रहा है। मेयर ने कहा कि यदि निगम का वैट और टैंकर लोगों तक पानी नहीं पहुंचाता तो कई इलाकों में लोग प्यासे मरने की स्थिति में पहुंच जाते।

वार्ड 46 के पार्षद प्रतिनिधि भगत सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र शिवपुरी कॉलनी में पाइपलाइन का विस्तार तो कर दिया गया, लेकिन अब तक पानी नहीं पहुंचा है। उन्होंने बुडको के शिलापट्ट पर पूर्व पार्षद का नाम रहने का मुद्दा भी उठाया।


वार्ड 10 के पार्षद गोपाल कुमार ने बुडको के इंजीनियर राजेन्द्र कुमार पर फोन पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए बैठक में बातचीत का ऑडियो भी सुनाया। वार्ड 42 के पार्षद राजीव कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को कई बार सूचना देने के बावजूद समस्या दूर नहीं होने की बात कही। वार्ड 34 के पार्षद प्रतिनिधि ओम यादव ने आरोप लगाया कि शिकायत करने वाले लोगों को ही कार्रवाई की धमकी दी जाती है। वार्ड 9 की पार्षद सुचेता कुमारी ने बंगला स्थान में शाम के समय पानी का प्रेशर कम होने की समस्या रखी।

वार्ड 12 के पार्षद डिंपल कुमार ने कहा कि मिर्चया गली में सड़क और नाला निर्माण के लिए करीब चार महीने पहले सड़क तोड़ी गई थी, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। वार्ड 4 की पार्षद अनुपमा कुमारी ने गांधी मोड़ से बागेश्वरी रोड तक पाइपलाइन विस्तार नहीं होने की शिकायत की। आधा-अधूरा से समस्या गंभीर बनी हुई है। इसपर बुडको के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार ने गुरुवार से काम लगाने की बात कही।



मेयर वीरेंद्र कुमार ने कहा कि नगर निगम और बुडको के बीच बेहतर समन्वय नहीं होने तथा अधिकारियों द्वारा वार्डों का सही ढंग से निरीक्षण नहीं किए जाने के कारण समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने पार्षदों द्वारा उठाए गए मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने को कहा।

नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने बुडको अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पार्षद अपने वार्ड की जनता के प्रति जवाबदेह हैं। उनके द्वारा बताई गई समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अगली बैठक तक समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम कार्रवाई करेगा।

सशक्त स्थायी समिति सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि बुडको के द्वारा जलापूर्ति योजना पर अरबों रुपये खर्च होने के बावजूद कई मोहल्लों में नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है। कहीं टैंक बने हैं, लेकिन पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा, तो कहीं पाइपलाइन में बार-बार लीकेज और पाइप फटने से आपूर्ति बाधित है। माड़नपुर इलाके में भी जलसंकट गंभीर है। गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। उन्होंने पूरे शहर में पाइपलाइन बिछाने के तरीके, कार्य की गुणवत्ता और पेटी कॉन्ट्रैक्ट की शिकायतों की तकनीकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

बैठक में डिप्टी मेयर चिंता देवी, गोपाल कुमार, अनुपमा कुमारी, डिंपल कुमार, सुचेता कुमारी, राजीव कुमार सिन्हा, ओम यादव, भगत सिंह, ओम प्रकाश सिंह, बुडको के कार्यपालक अभियंता अशोक कुमार सहित निगम के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शेयर करें