News1 Bihar Jharkhand

☰ Menu


📌 Categories
AI/ट्रेंड्स
No subcategories

📜 Policy Pages

🌐 Follow Us


होम › शहर › गाजे-बाजे, ऊंट-घोड़ों के साथ निकली भरत मिलाप की भव्य शोभायात्रा, राम-भरत मिलन देख भावुक हुए श्रद्धालु

गाजे-बाजे, ऊंट-घोड़ों के साथ निकली भरत मिलाप की भव्य शोभायात्रा, राम-भरत मिलन देख भावुक हुए श्रद्धालु

Category: शहर | Date: 21 Oct 2026 | 👁️ Views: 9

गयाजी। श्री आदर्श लीला समिति के तत्वावधान में आयोजित रामलीला मंचन के अंतिम दिन भरत मिलाप का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर गाजे-बाजे और ऊंट-घोड़ों के साथ आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। भगवान श्रीराम सहित अन्य देवी-देवताओं के स्वरूप में सजे कलाकार शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण रहे। शहर के जीबी रोड स्थित कोतवाली थाना चौक पर भगवान श्रीराम और भरत का मिलन हुआ। दोनों भाइयों के मिलन का भावुक दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। भरत मिलाप को लेकर श्री आदर्श लीला समिति की ओर से विशेष तैयारियां की गई थीं। शहर के बिसार तालाब स्थित आयोजन स्थल पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भगवान श्रीराम सहित अन्य देवी-देवताओं के स्वरूप में पहुंचे कलाकारों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान रामभक्तों पर हेलीकॉप्टरनुमा ड्रोन से पुष्पवर्षा की गई, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालु जय श्रीराम के जयकारे लगाते नजर आए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गया नगर निगम के मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, पूर्व डिप्टी मेयर सह नगर निगम सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, पार्षद सारिका वर्मा और आयोजनकर्ता कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद पुरोहितों द्वारा विधिवत भव्य महाआरती की गई। आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर प्रतिष्ठित व्यवसायी अशोक लाल, उद्योगपति गौतम कुमार, डॉ. कनिष्क, डॉ. कुमार अनुपम, डॉ. गुंजन, समाजसेवी राखी अग्रवाल, ममता कुमारी, अनु कुमारी, प्रियदर्शिनी भारती, पार्षद गजेंद्र सिंह, श्री दशहरा कमेटी के अजय तरवे सहित रामलीला समिति के सदस्य और शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समिति के अध्यक्ष कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और भगवान श्रीराम का प्रतीक चिह्न देकर किया। इस दौरान शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों, समाजसेवियों और अन्य गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया। शोभायात्रा रवाना होने से पहले सनातन परंपरा के अनुसार भगवान श्रीराम को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूजा-अर्चना, महाआरती और अभिनंदन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बिसार तालाब रोड से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, ऊंट-घोड़ों और जय श्रीराम के जयघोष के बीच शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जीबी रोड स्थित कोतवाली थाना चौक पहुंची। यहां भगवान श्रीराम और भरत का मिलाप कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। राम-भरत मिलन के भावुक दृश्य ने लोगों को भाईचारे, प्रेम, त्याग और समर्पण का संदेश दिया। 57 वर्षों से निभाई जा रही भरत मिलाप की परंपरा : गौरव सिन्हा श्री आदर्श लीला समिति के अध्यक्ष कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने कहा कि उनकी संस्था पिछले 57 वर्षों से लगातार भरत मिलाप का आयोजन करती आ रही है। यह आयोजन गयाजी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। स्थानीय लोगों के सहयोग और सहभागिता से ही हर वर्ष इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करना संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अयोध्या से आए कलाकारों के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जबकि स्थानीय कलाकारों ने अपने शानदार मंचन से लोगों का मन मोह लिया। भरत मिलाप केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भाईचारे, प्रेम, त्याग और पारिवारिक एकता का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। गौरव सिन्हा ने कहा कि संस्था की ओर से चिकित्सकों, समाजसेवियों और अन्य गणमान्य लोगों को सम्मानित करना उनके लिए गौरव की बात है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सहयोग, सांस्कृतिक चेतना और धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। भरत मिलाप हमारी संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक : मेयर गयाजी नगर निगम के मेयर गणेश पासवान ने कहा कि भरत मिलाप भारतीय संस्कृति, पारिवारिक प्रेम और त्याग की भावना का प्रतीक है। भगवान श्रीराम और भरत का मिलन हमें सिखाता है कि रिश्तों में प्रेम, सम्मान और समर्पण का कितना महत्व है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि श्री आदर्श लीला समिति लंबे समय से इस परंपरा का निर्वहन कर रही है। ऐसे आयोजनों में शहरवासियों की भागीदारी सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करती है। भरत मिलाप से मिलता है त्याग और समर्पण का संदेश : मोहन श्रीवास्तव पूर्व डिप्टी मेयर सह नगर निगम सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान श्रीराम और भरत का मिलन भारतीय संस्कृति में त्याग, प्रेम, मर्यादा और भाईचारे का अद्भुत उदाहरण है। भरत ने राजसुख का त्याग कर जिस तरह भगवान श्रीराम के प्रति अपनी निष्ठा दिखाई, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि गयाजी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान ऐसे आयोजनों से और मजबूत होती है। श्री आदर्श लीला समिति पिछले 57 वर्षों से भरत मिलाप की परंपरा को आगे बढ़ा रही है। इस तरह के आयोजन समाज में सद्भाव, आपसी प्रेम और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

💬 Comments

🔥 Trending

बिंदी यादव के पुण्यतिथि के 2 दिन पहले उनके पुत्र रॉकी यादव के दो बॉडीगार्ड के बीच गोलीबारी एक बॉडीगार्ड की मौत, खैनी को लेकर बढ़ा विवाद
👁️ 2453 Views
गया जी के चर्चित शांतिनिकेतन अकादमी में मनाया गया धूमधाम से मदर्स डे
👁️ 1718 Views
Big breaking गुरारू थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार हटाए गए, अवैध वसूली के आरोपों पर गुरारू थानाध्यक्ष पर कार्रवाई
👁️ 1327 Views
बड़ी खबर:-गया में दरोगा के दोनों बेटों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, छोटे बेटे की मौत; बड़ा गंभीर
👁️ 1160 Views
1 साल पहले हुआ था पगला मांझी का हाफ एनकाउंटर, जेल से छूटकर फिर मचाया तहलका, दो युवकों को गर्दन काटने की कोशिश
👁️ 1021 Views
Big breaking मानपुर सिक्स लेन पुल के नीचे फल्गु नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके मे मची सनसनी,पहचान मे जुटी पुलिस
👁️ 968 Views
शेयर करें