गया। रविवार को स्थानीय धर्म सभा भवन में श्री राम नवमी पूजा सेंट्रल कमिटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के कार्याध्यक्ष क्षितिज मोहन सिंह ने की, जिसमें आगामी 6 अप्रैल को रामनवमी पर्व पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान झंडा प्रभारी एवं झंडा कमिटी के सदस्यों ने अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा प्रस्तुत की।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के कार्याध्यक्ष क्षितिज मोहन सिंह ने कहा कि शोभायात्रा को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए सभी को मिलकर टीम वर्क के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने झंडा प्रभारियों से अपील की कि परस्पर सहयोग और एकजुटता से इस आयोजन को सफल बनाएं। उन्होंने कहा, “रामनवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हिंदू सनातन संस्कृति का गौरवशाली प्रतीक है।”
इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ष राम भक्तों की विशाल टोलियाँ शहर की सड़कों पर महाकुंभ जैसा दृश्य प्रस्तुत करेंगी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की एकजुटता को दर्शाने के लिए गौ हत्या बंद करने का संकल्प लेते हुए इस बार की रामनवमी की तैयारी की जाए।
समिति के महामंत्री मणिलाल बारिक ने बताया कि इस बार शोभायात्रा की बेहतर व्यवस्था के लिए गया शहर को छह ज़ोन में विभाजित किया गया है, जो निम्नलिखित हैं:
1. विष्णुपद नगर
2. श्रीराम नगर
3. बागेश्वरी नगर
4. डेल्हा नगर
5. मध्य नगर
6. वीर कुंवर सिंह नगर
इन छह ज़ोन से शोभायात्रा एवं झंडा यात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए आजाद पार्क में एकत्रित होगी। शोभायात्रा में भगवान राम की आकर्षक झांकी, विभिन्न अखाड़ों के प्रदर्शन और तलवारबाज़ी के शानदार करतब प्रमुख आकर्षण होंगे।
मीडिया प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार 500 महिलाएँ भगवा साड़ी पहनकर सिर पर कलश रखकर शोभायात्रा में शामिल होंगी, जिससे हिंदू संस्कृति की शक्ति और भव्यता को दर्शाया जा सके।
बैठक में समिति के वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि 1990 से लगातार गया शहर में रामनवमी का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समय के साथ इसके विस्तार की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि नए मोहल्लों से भी झंडा यात्रा निकालने की योजना बनाई जाए।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने शोभायात्रा को भव्य और विस्तृत रूप देने पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में प्रमुख रूप से अनिल स्वामी, मुक्तामणि, सीमा सिन्हा, रामकुमार बारीक, मुन्ना बजरंगी, अजय प्रसाद राजू, सूरज सिंह, शशिकांत मिश्रा, चंदन भदानी, संतोष जी, नवीन कुमार, रोहित भदानी, अर्पणा मिश्रा, बबलू आर्य, संगीता देवी, नवीन कुमार वर्मा, साकेत झा और शिव शंकर प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस आयोजन की तैयारियों के बीच पूरे गया शहर में रामनवमी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न समितियाँ एवं भक्तजन अपने-अपने स्तर पर शोभायात्रा को भव्य बनाने में जुटे हुए हैं। आगामी 6 अप्रैल को शहर में धार्मिक आस्था, उत्साह और एकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।